अमेठी सिटी। कोहरा व गलनभरी ठंड के बीच ट्रेन यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रही तो लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर दो घंटे देरी से गौरीगंज आई। इसके अतिरिक्त नीलांचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का विलंब से परिचालन हुआ।
इन दिनों प्रयागराज में महाकुुंभ चल रहा है। हर कोई संगम जाकर स्नान, दर्शन व पूजन करने की जुगत में जुटा है। जिले से प्रयागराज के लिए 25 रुपये प्रति व्यक्ति किराए में पहुंचने का सुगम साधन लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर है, लेकिन इन दिनों पैसेंजर ट्रेन की चाल बिगड़ गई है। शुक्रवार को लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर अपने निर्धारित समय 9:36 के बजाय दो घंटे की देरी से 11:23 बजे गौरीगंज पहुंची। ऐसे में लोगों को प्लेटफार्म पर ठंड में प्रतीक्षा करनी पड़ी।
इसके अतिरिक्त शुक्रवार को वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन निरस्त रहा। इस ट्रेन से दिल्ली के लिए पहले से आरक्षित टिकट बुक करवा चुके यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद अपना टिकट निरस्त करवाना पड़ा। कुछ यात्रियों को मजबूरी में भीड़ के बीच पद्मावत एक्सप्रेस य जनसाधारण एक्सप्रेस से यात्रा करनी पड़ी। इसके अतिरिक्त हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस ढाई घंटे, देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस दो घंटे, पंजाब मेल व नीलांचल एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से गौरीगंज पहुंच कर रवाना हुई।
अन्य ट्रेनें भी 40 मिनट से लेकर एक घंटे देरी से संचालित हुईं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के निरस्त होने की सूचना पहले से सार्वजनिक है। इसके अतिरिक्त लंबी दूरी की ट्रेनें कुछ विलंब से संचालित हुईं हैं।