अमेठी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल खंड पर ठंड और कोहरे के कारण रेल संचालन प्रभावित रहा। बुधवार को प्रयागराज संगम जाने वाली पैसेंजर ट्रेन तय समय से छह घंटे देरी से गौरीगंज स्टेशन पहुंची। इससे माघ मेला जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस का संचालन बृहस्पतिवार को निरस्त रहेगी। इससे बृहस्पतिवार को भी लखनऊ, मुरादाबाद, हरिद्वार व देहरादून सहित अन्य स्टेशन के यात्रियों को परेशानी होगी।
बुधवार को देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस और मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस भी निरस्त रहीं। लखनऊ से प्रयागराज संगम जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गौरीगंज स्टेशन पर सुबह 9:13 बजे पहुंचनी थी, मगर दोपहर 2:25 बजे आई। लंबे इंतजार के कारण यात्रियों को प्लेटफार्म पर समय बिताना पड़ा।लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस भी करीब एक घंटे विलंब से गौरीगंज पहुंची। भोपाल-प्रतापगढ़ समेत कई अन्य ट्रेनें भी निर्धारित समय से देरी से चलीं। (संवाद)