मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र के दुवरिया में रविवार देर रात डे-नाइट भालेसुल्तान कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने बाजी मारी। उपविजेता का खिताब मेरठ की टीम को मिला। प्रतियोगिता का शुभारंभ एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश सिंह ने पुरस्कार वितरित एवं शील्ड देकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में मेरठ, उत्तराखंड, लखनऊ, वाराणसी, मुजफ्फरनगर, दुवरिया, प्रतापगढ़, रायबरेली सहित कुल 26 टीमों ने भाग लिया। सेमीफाइनल में उत्तराखंड ने वाराणसी को 21-19 अंकों के अंतर से और मेरठ ने मुजफ्फरनगर को 21-20 अंकों के अंतर से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए काफी रोमांचक रहा, जिसमें उत्तराखंड ने बेहतरीन खेल कौशल दिखाते हुए मेरठ को 33-23 के अंतर से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
विजेता उत्तराखंड टीम को 11 हजार रुपयेव शील्ड, जबकि उपविजेता मेरठ टीम को 5100 रुपये व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में राज किशोर सिंह, प्रेमचंद यादव, कीर्तिपाल सिंह ने निर्णायक की तो अंकित सिंह ने कमेंट्री और असगर अली ने स्कोरर की भूमिका निभाई। इस अवसर पर योगेंद्र सिंह, प्रधान मंजीत सिंह, रमन सिंह, मुकेश तिवारी, रणजीत यादव, रणवीर यादव, मित्रसेन यादव, अखिल कुमार आदि मौजूद रहे।