अमेठी सिटी। गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से परेशान उतलेवा के लोगों को जल्द ही आवागमन में सहूलियत मिलेगी। शासन ने संपर्क मार्ग के मरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ ही 16.08 लाख रुपये भी जारी कर दिए हैं।
जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के उतलेवा संपर्क मार्ग का निर्माण वर्ष 2018 में हुआ था। एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग भारी वाहनों के आवागमन व जलभराव से क्षतिग्रस्त हो गया था। मार्ग की मरम्मत नहीं होेने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विधायक सुरेश पासी की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने संपर्क मार्ग की मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए मार्ग की मरम्मत के लिए 16.08 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
धनराशि जारी होने के बाद विभाग निविदा के माध्यम से कार्यदायी संस्था की चयन प्रक्रिया में लगा है। कार्यदायी संस्था का चयन होने के बाद विभाग मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू करवाएगा। मार्ग की मरम्मत के लिए नामित होने वाली संस्था को पांच साल तक अनुरक्षण कार्य भी करना होगा।
मानक के अनुसार होगा मरम्मत कार्य
अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) रमेश चंद्र ने बताया कि उतलेवा संपर्क मार्ग के मरम्मत कार्य का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद मानक के अनुसार मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाएगा।