अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में स्नातक व परास्नातक की वार्षिक परीक्षा के लिए ऑनलाइन फार्म भरे जा रहे हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 25 अप्रैल निर्धारित की गई है लेकिन मौजूदा समय में कई विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म का ऑनलाइन लिंक खोलने में समस्या आ रही है। इसकी वजह ये है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा फार्म को लेकर अबतक स्थिति ही पूर्ण रूप से स्पष्ट नहीं की थी। वहीं विद्यार्थी लिंक न खुलने की वजह से परेशान होकर भटक रहे हैं।
अवध विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार स्नातक चौथे व छठे और परास्नातक दूसरे व चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन फार्म भरना था। इस घोषणा के बाद से ही सभी विद्यार्थी फार्म भरने में जुट गए। लेकिन आवासीय परिसर में बीवॉक छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों का परीक्षा फार्म लिंक ही नहीं खुला, जबकि आवासीय परिसर के ही अन्य विभागों के विद्यार्थियों के फार्म भरे जा रहे हैं। ऐसे में जब विद्यार्थियों ने मामले की जानकारी की तो बताया गया कि फार्म का लिंक खुल जाएगा। हालांकि विद्यार्थियों को ये स्पष्ट नहीं किया गया कि फार्म कब आएगा।
इन विद्यार्थियों के बाद में भरे जाएंगे फार्म
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेंदु चतुर्वेदी ने बताया कि अभी विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के फार्म भरे जा रहे हैं। एनईपी के तहत आवासीय परिसर में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के फार्म विश्वविद्यालय स्तर पर बाद में भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को यदि फार्म भरने में कोई समस्या आ रही है तो वे विवि के परीक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।