अमेठी सिटी। जिले में तय रोस्टर के बावजूद अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में छह से आठ घंटे तक कटौती होने से खेती-किसानी और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
जिला मुख्यालय पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर भी बेअसर नजर आ रहा है। ट्रिपिंग और लोकल फाॅल्ट के चलते बार-बार बिजली कटने से शहरी उपभोक्ता परेशान हैं। ऊर्जा निगम ट्रांसफार्मरों पर बढ़े लोड को इसकी वजह बता रहा है। मुख्यालय और आसपास के उपकेंद्रों में दो से चार घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।
संग्रामपुर के ठेंगहा स्थित पावर हाउस के शुकुलपुर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। बृहस्पतिवार रात 8:20 बजे कटी बिजली 11:20 बजे बहाल हुई। इसके बाद रात 1:50 बजे फिर आपूर्ति ठप हो गई जो भोर 4:30 बजे शुरू हो सकी। शुक्रवार सुबह 5:30 बजे फिर बिजली गुल हो गई और दिन में 10:50 बजे आपूर्ति बहाल हुई।
दोपहर 1:50 बजे दोबारा कटौती के बाद शाम 4:35 बजे बिजली आई। उपभोक्ता विश्वनाथ वर्मा, शत्रुघ्न तिवारी और मोनू ने बताया कि कटौती से लोगों की नींद खराब हो रही है। एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के निर्देश पर ही कटौती की जा रही है। लोकल फाॅल्ट ठीक करने के दौरान कुछ समय के लिए आपूर्ति बंद करनी पड़ती है।