भाले सुल्तान शहीद स्मारक के बेचूगढ़ के पास हादसे के बाद खड़ा ट्रक। संवाद
जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बृहस्पतिवार को दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जौनपुर के केवटली राजापुर गांव निवासी राहुल यादव (44) और दूसरे ट्रक के चालक सीतापुर के नरही कासिमपुर गांव निवासी शिशुपाल (38) की मौत हो गई।
ट्रकों की भिड़ंत के बाद हाईवे पर जाम लग गया। क्रेन की मदद से दोनों ट्रकों को किनारे कराकर किसी तरह आवागमन बहाल कराया गया। इस बीच करीब 15 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर भाले सुल्तान शहीद स्मारक के बेचूगढ़ के पास लखनऊ की ओर जाने वाले लेन पर एक ट्रक पहले से खड़ा था।
इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे ट्रक का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि खड़ा ट्रक दाहिनी तरफ तेजी से घूम गया और दोनों ट्रक आपस में भिड़ गए।
इस दौरान दोनों ट्रक चालक केबिन में फंस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एसओ तनुज पाल ने बताया कि दोनों चालकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। राहुल यादव की मौत की खबर सुनकर पिता धर्मराज, मां सोमारी देवी, पत्नी मीरा, बेटा अनुराग और बेटी अंशी का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर लिखे जाने तक शिशुपाल के परिजन नहीं पहुंचे थे।