अमेठी/जगदीशपुर। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग पर श्री का पुरवा गांव के पास महाराजपुर पिंडोरिया निवासी संतोष कुमार यादव (24) की जान चली गई, जबकि रायबरेली मार्ग पर श्रीरामगंज के पास मोहद्दीनपुर गांव की सबनूर बानो (20) की मौत हो गई और उनके मामा अली आलम (30) घायल हो गए।
हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। श्याम सुंदर ने बताया कि उनका बेटा संतोष शनिवार को बाइक से मुसवापुर चौराहे से नौगिरवा गया था। देर रात लौटते समय श्री का पुरवा के निकट पानी की टंकी के पास सामने से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह टीम के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि केस दर्ज कर वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
जगदीशपुर के रायबरेली मार्ग पर श्रीरामगंज के पास मोहद्दीनपुर गांव निवासी सबनूर बानो पूरे गौहर मजरे गडरियाडीह निवासी अपने मामा अली आलम के साथ बाइक से रविवार को जायस जा रही थीं। रास्ते में सामने आए भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने सबनूर बानो को मृत घोषित कर दिया। घायल अली आलम का उपचार जारी है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई संग वाहन चालक की तलाश की जा रही है।