गौरीगंज (अमेठी)। मुसाफिरखाना पुलिस ने दो वाहन चोरों को पकड़कर अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पकड़े गए चोरों के पास से चोरी की छह बाइक बरामद हुई हैं। बाइक बरामद होने के बाद पुलिस पकड़े गए वाहन चोरों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
एसपी दिनेश सिंह ने इन दिनों अपराध एवं अपराधियों की धर पकड़ के लिए अभियान संचालित करा रखा है। शनिवार को थाने के उप निरीक्षक अभिनेष कुमार क्षेत्र भ्रमण व चेकिंग पर निकले थे। इस बीच मुखबिर ने उन्हें थाना क्षेत्र के जमुवारी तिराहे पर दो बदमाशों के मौजूद होने की सूचना दी।
सूचना पर उप निरीक्षक मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर वहां मौजूद दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जिला सुल्तानपुर के थाना कुड़वार के गांव बेला पश्चिम निवासी मनीष मौर्य तथा दूसरे की इसी जिले के थाना बंधुआ कला के गांव रामपुर मठा निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई।
दोनों के पास मौजूद एक-एक बाइक के कागजात मांगने पर वह दिखा नहीं सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने बाइक चोरी की होने तथा और चार बाइक चोरी की छिपाकर रखने की बात बताई।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने रुदौली गांव के पहले रोड के किनारे खंडहर में छिपाकर रखी चार बाइक बरामद कीं। इन लोगों ने बताया कि यह सभी बाइक मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र व सुल्तानपुर नगर से चोरी की गई थीं। पुलिस बरामद बाइक जब्त कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।