गौरीगंज-अमेठी। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बेकाबू वाहनों की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हो गई। गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे पुरई तिवारी माधवपुर वार्ड संख्या एक निवासी अखिलेश पासी (35) शनिवार रात बाइक से किसी रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। वह अभी टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीपट्टी के पास पहुंचा ही था कि किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में अखिलेश गंभीर रुप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने अखिलेश के बताया कि परिवार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन की तलाश की जा रही है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर मजरे नुवावां गांव निवासी विकास शुक्रवार को ताला में स्थित महादेवन मंदिर से दर्शन कर बाइक से वापस घर जा रहा था। वह जैसे ही गौरीगंज मार्ग स्थित दरपीपुर मोड़ के समीप पहुंचा था कि तेज रफ्तार से आ रहा मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के बाद मालवाहक वाहन भाग गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए उसे संयुक्त जिला अस्पताल असैदापुर पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर सूचना गौरीगंज पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवारीजनों को सूचित करते हुए पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि दुर्घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र की है इसलिए मामले की सूचना अमेठी पुलिस को दी गई।