शाहगढ़। गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर शनिवार रात तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई। हादसे में विशुनदासपुर निवासी किराना व्यापारी उदय गुप्ता (28) और कौहर गांव निवासी चाट विक्रेता संदीप अग्रहरि (30) की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज एम्स रायबरेली में चल रहा है।
विशुनदासपुर गांव निवासी हरिराम गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा उदय गौरीगंज में किराना की दुकान चलाता था। शनिवार रात दुकान बंद कर वह बुलेट से घर लौट रहा था तभी राजगढ़ के पास पीछे से आई तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक एसयूवी समेत मौके से भाग निकला। टक्कर लगने से उदय की बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी, जिस पर कौहर निवासी संदीप अग्रहरि, अनुराग (28) और अभिषेक (16) सवार थे।
हादसे में चारों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों को गंभीर हालत में एम्स रायबरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उदय गुप्ता की भी मौत हो गई। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करेंगे।
छह माह पहले हुई थी उदय की शादी
उदय गुप्ता की मौत की खबर से विशुनदासपुर गांव में मातम छा गया। पत्नी कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है। मां मिसलावती बेसुध हैं। पिता हरिराम गुप्ता ने बताया कि छह माह पहले ही बेटे की शादी हुई थी। बहनें सुमन, लली और पिंकी भाई की मौत पर बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। ग्रामीण व रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे है।
पत्नी बेसुध, रोता रहा मासूम
संदीप अग्रहरि की मौत से कौहर गांव में सन्नाटा पसर गया। पत्नी प्रीति बेसुध है। चार साल का बेटा शिवांश कभी मां के आंसू पोछता तो कभी खुद रोने लगता। मां रामदुलारी, भाई दीपक, प्रदीप, रोहित व पुतन गम में डूबे हैं। मौजूद लोगों की आंखें परिवार की पीड़ा देखकर नम हो गईं।