भादर (अमेठी)। पीपरपुर क्षेत्र की किशोरी को बहला-फुसलाकर हैदराबाद ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह मुख्य आरोपी टिकावर गांव निवासी हैदर अली और उसके सहयोगी अजीत पाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को दुर्गापुर-अमेठी मार्ग स्थित सीमेंट फैक्टरी के मोड़ के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
किशोरी के पिता की तहरीर पर सोमवार को हैदर अली और अजीत पाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। इंस्पेक्टर रामराज कुशवाहा ने बताया कि जांच में दोनों आरोपियों की लोकेशन आसपास मिलने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तारी की। पूछताछ में हैदर अली ने स्वीकार किया कि अजीत की मदद से किशोरी को पहले अहमदाबाद भेजा गया था। वह स्वयं गांव में रहकर निगरानी करता रहा और बाद में वहां पहुंचा। परिजनों के अनुसार घटना एक माह पुरानी है।
हैदर अली किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर अहमदाबाद और फिर हैदराबाद ले गया, जहां उसे किराये के मकान में रखा गया। वहां किशोरी पर धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। 10 जुलाई को हैदर अली की अनुपस्थिति में किशोरी किसी तरह वहां से भाग निकली।
रास्ते में एक व्यक्ति की मदद से वह घर लौटी और परिजनों को आपबीती बताई। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपों की पुष्टि और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और जानकारी एकत्र की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजा जाएगा।