नेवादा सेंटर पर गर्भवती की जांच करती एएनएम सविता। स्रोत: -विभाग
अमेठी सिटी। मुसाफिरखाना ब्लॉक के नेवादा एएनएम सेंटर पर तैनात एएनएम सविता सोनकर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में प्रेरणा का नाम बन गई हैं। जहां आज भी प्रसव के लिए लोग निजी अस्पतालों या जिला अस्पताल की ओर रुख करते हैं, वहीं सविता के व्यवहार, समर्पण और चिकित्सा कौशल ने गांव की महिलाओं को उपकेंद्र की ओर मोड़ दिया है।
रायबरेली के प्रगतिपुरम रतापुर निवासी सविता सोनकर ने आठ मार्च 2019 को मुसाफिरखाना क्षेत्र के नेवादा एएनएम उपकेंद्र पर कार्यभार संभाला। उस समय यहां प्रसव की कोई सुविधा नहीं थी। सितंबर 2024 में जब केंद्र को प्रसव केंद्र का दर्जा मिला तो सविता ने महज 10 माह में 102 सुरक्षित प्रसव कराकर न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया बल्कि 24 नए प्रसव केंद्रों में पहला स्थान भी प्राप्त किया।
सविता की मेहनत और सेवाभाव का असर है कि नेवादा सहित 15 गांवों की गर्भवतियों को अब उपकेंद्र पर भरोसा है। वे टीकाकरण से लेकर परामर्श तक में केंद्र का रुख करती हैं। खास बात यह भी है कि जब बगल स्थित पीएचसी में एएनएम नहीं होती हैं, तब सविता वहां भी टीकाकरण और महिला देखरेख का काम संभालती हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों की मदद वह अपने निजी संसाधनों से भी करती हैं।
सविता के प्रयासों ने नेवादा में स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा ही बदल दी है। उनके काम से क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और उपकेंद्र पर महिलाओं की उपस्थिति में इजाफा हुआ है। उनकी सेवा और व्यवहार उन्हें न सिर्फ एक एएनएम, बल्कि पूरे क्षेत्र की प्रेरणादायी शख्सियत बनाता है।
गांव भ्रमण के दौरान भी करती हैं परीक्षण
सविता अपनी ड्यूटी को लेकर इतनी सजग हैं कि गांव भ्रमण व टीकाकरण अभियान के दौरान भी वह गर्भवतियों का परीक्षण करना नहीं भूलतीं। उनकी इस पहल से कई महिलाओं को घर पर ही शुरुआती इलाज और परामर्श मिल जाता है। गर्भवती महिलाएं सविता की सलाह को पूरी गंभीरता से मानती हैं।