जगदीशपुर स्थित लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रक से टूटी बूम। स्रोत: स्थानीय
जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कमरौली रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार रात ट्रक ने खुले बूम में टक्कर मार दी। बूम टूटकर ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन में फंस गया। तार से चिंगारी निकलने लगी। एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे सिंदुरवा की ओर जा रहा इंजन करीब दो घंटे तक खड़ा रहा। ओएचई लाइन नहीं टूटी थी। तार में फंसे बूम को हटाने में समय लगा। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
सुल्तानपुर से लखनऊ जा रहा ट्रक कमरौली रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचा था। इसी दौरान चालक ने खुले बूम में टक्कर मार दी। गेटमैन संतोष कुमार ने स्टेशन अधीक्षक को घटना की जानकारी दी। आरपीएफ और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर तार में फंसे बूम को सुरक्षित तरीके से हटाया। इस दौरान इंडो रामा फैक्टरी में मालगाड़ी के वैगन छोड़ने के बाद सिंदुरवा स्टेशन की ओर जाने वाला इंजन करीब दो घंटे तक खड़ा रहा।
इस क्रॉसिंग से सिंदुरवा की ओर मालगाड़ियों का संचालन होता है। सवारी ट्रेनों के परिचालन पर असर नहीं पड़ा। जिम्मेदारों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि ट्रक की टक्कर से क्रॉसिंग का बूम टूटकर ओएचई तार में फंस गया था। आरपीएफ की ओर से ट्रक और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चालक की तलाश की जा रही है।
बूम टूटने और मरम्मत कार्य के कारण हाईवे पर दोनों तरफ करीब चार किमी तक वाहनों की कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। कमरौली के राजेश यादव व जगदीशपुर के विनोद कुमार ने बताया कि जाम से काफी समय लगा। कमरौली पुलिस नेयातायात सामान्य कराया गया। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि मामला रेलवे से जुड़ा है, इसलिए कार्रवाई रेलवे पुलिस स्तर से की जाएगी।