गौरीगंज स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कार्यकर्ता। स्रोत: पार्टी
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में मंगलवार को लोकतंत्र सेनानी एवं चार बार विधायक रहे दिवंगत तेजभान सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और संगठन के प्रति योगदान को याद किया।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने कहा कि दिवंगत तेजभान सिंह ने जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को हमेशा प्राथमिकता दी। वह हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनका सादगीपूर्ण जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय व्यवहार सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।
सभा में जिला प्रवक्ता चंद्रमौलि सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, राम प्रसाद मिश्रा, वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह, गोविंद सिंह चौहान सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में लोगों ने दिवंगत तेजभान सिंह के आदर्शों पर चलने तथा समाज सेवा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।