फुरसतगंज। रायबरेली-प्रतापगढ़ रेलखंड पर मंगलवार सुबह सरवन के पूरे रामदयाल गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवती की मौत हो गई। पुलिस और आरपीएफ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
थाना प्रभारी नंद हौसला यादव ने बताया कि मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटनास्थल से लाल रंग की चप्पल, एक आर्टिफिशियल पायल और गले की माला बरामद हुई है। युवती ने चेकदार रंग की कमीज पहन रखी थी। हादसे में शव का बायां हाथ अलग हो गया, जिसकी तलाश कराई जा रही है।
शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। 72 घंटे तक पहचान कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आसपास के थानों और स्थानीय लोगों से भी संपर्क कर शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।