अमेठी। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कहीं सन्नाटा तो कहीं पर जिम्मेदारों की कमी रहीं। महिला रोग पीड़ितों को पुरूष डॉक्टर से उपचार कराना पड़ा।
सातन का पुरवा पीएचसी में आई फ्लू मरीजों को मेले से आई ड्राॅप नहीं मिलने से बाहर से खरीदने को मजबूर होना पड़ा। आरोग्य मेले में बुखार, खांसी व जुखाम मरीजों का उपचार करने के बाद उन्हें दवा के साथ सावधानी बताई गई। इस दौरान आयुष्मान लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी बनाया गया। प्रस्तुत है प्राथमिक स्वास्थ्य की हकीकत बयां करती रिपोर्ट...
कुछ को अस्पताल की तो कुछ को लिखी बाहर की दवा
अमेठी। जेठू मवई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले 11.00 बजे डॉक्टर पीतांबर कनौजिया अपने चैबर में टिकरिया गांव निवासी देवकली का ब्लडप्रेशर की जांच कर रहे थे। जांच में बीपी सामान्य मिलने पर उन्हें सावधानी बताई।
पूरे पराग निवासर राधेश्याम भी ब्लड प्रेशर व पेशाब में जलन की परेशानी लेकर पहुंचे। इनकी जांच करने के बाद डॉक्टर ने दवा लिखी। ऊषा में पेट दर्द तो मथुरा बुखार से पीड़ित थे। मरीजों का परीक्षण करने के बाद उन्हें दवा के साथ बचाव विधि बताई। मेले में टीकाकरण के लिए कोई नहीं पहुंचा।
डॉ. पीतांबर ने बताया कि मेले में टाइफाइड, मलेरिया, ब्लड शुगर, खून की जांच, टीएलसी, डीएलसी, पेशाब व डेंगू के जांच की सुविधा उपलब्ध है। बाहर मिले मरीजों ने कुछ दवाएं बाहर से लिखने की बात तो कही, लेकिन, नाम बताने से इंकार कर दिया।
बिना आई ड्राप नहीं हुआ पीड़िता का उपचार
सिंहपुर(अमेठी) सातन पुरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित मेले में 59 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गयी। ज्यादातर वायरल बुखार के मरीज देखे गए। आईफ्लू के मरीजों को मेले में राहत नहीं मिली। ड्रॉप नहीं होने से डॉक्टरों ने बाहर से दवा लिखी। नुहरी का पुरवा गांव निवासी मिथलेश व राम किशोर को आई फ्लू हो गया। जिसका इलाज कराने आए थे। वहां आई ड्राप नहीं मिल सका। जिससे उन्हें मेडिकल स्टोर से दवाएं लेनी पड़ी है।
बुखार व आई फ्लू पीड़ितों की रही भीड़
भादर(अमेठी)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगंज पर लगे जन आरोग्य मेले में बुखार व आईफ्लू के मरीजों की संख्या अधिक रही। 40 मरीजों की जांचकर दवाइयां दी गई। बालमपुर के शिव प्रताप सिंह सुगर व बुखार से पीड़ित थे। बताया की मौजूद चिकित्सक ने जांचकर दवाइयां दी। मेले में टीकाकरण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री व एएनएम नजर नहीं आने से टीकाकरण कराने वालों को बैरंग लौटना पड़ा। (संवाद)
लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित
रविवार को सीएओ डॉ. अंशुमान सिंह ने तिलोई ब्लॉक के शाहमऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लैब टेक्नीशियन अंजली तिवारी अनुपस्थित मिली। अनुपस्थित मिलने के बाद सीएमओ ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा।(संवाद)