अमेठी। जिले की सभी सीएचसी पर लगे हेल्थ एटीएम अब मरीजों के लिए निष्प्रयोज्य साबित हो रहे हैं। कहीं किट की कमी तो कहीं मशीन गर्म होने से बंद हो जा रही है। इनमें तकनीकी खामियां के चलते सीएचसी में लगी हेल्थ एटीएम से जांच प्रभावित हो रही है। मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को महंगे दामों पर बाहर से जांचें करवानी पड़ रही है।
जिले के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर सभी सीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगे हैं। सीएचसी अमेठी और गौरीगंज में लगी हेल्थ एटीएम मशीनों के माध्यम से हजारों रुपए की निशुल्क 42 प्रकार की जांच सुविधा मरीजों को मिली रहीं है।
भेटुआ, संग्रामपुर, भादर, शाहगढ़, जामों, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, बाजारशुकुल, तिलोई, सिंहपुर, फुरसतगंज में भी हेल्थ एटीएम की स्थापना की गई है।
यह सुविधा जिले के लोगों को निर्बाध रूप से नहीं मिल पा रही है। किट की कमी से जांच प्रभावित हो रही है तो कहीं-कहीं जांच में मशीन हीट होने से बंद हो जा रही है। ऐसे में तकनीकी कमी व किट की सुचारु रूप से डिमांड के अनुसार आपूर्ति नहीं मिलने से सीएचसी पर लगी है हेल्थ एटीएम निष्प्रयोज्य साबित हो रही हैं। ऐसे में मरीजों को अस्पताल में अलग-अलग जांचें करानी पड़ रही है। मरीजों ने इसका संचालन कराए जाने की मांग उठाई है।
उपलब्ध कराया जाएगा सामान
हेल्थ एटीएम ( खून व यूरिन जांच मशीन) के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की कई प्रकार की जांच निशुल्क है। संबंधित कंपनी द्वारा रीजेंट स्ट्रीप व अन्य सामान उपलब्ध कराया जाता है। कंपनी को डिमांड भेजी गई है इसके साथ ही सीएचसी से डिमांड लेकर सामान उपलब्ध कराया जाएगा। कुछ मशीनों में तकनीकी कमी की समस्या प्रकाश में आ रही आपूर्ति कर्ता फर्म को पत्र जारी कर मशीनों की कमी को दूर करने का निर्देश दिया गया है। डॉ. अंशुमान सिंह-सीएमओ