अमेठी सिटी। रक्षाबंधन का पर्व घर में मनाने के बाद लौट रहे यात्रियों को ट्रेन यात्रा में दिक्कतें हो रही हैं। प्रमुख शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में 15 अगस्त तक नो रूम की स्थिति है, जबकि अन्य दिनों में वेटिंग 150 से 200 के बीच है। तत्काल टिकट के लिए भी लंबी कतारें लग रही हैं, परंतु अधिकांश लोग निराश लौट रहे हैं। मजबूरी में कई यात्री साधारण बोगियों में भीड़, धक्कामुक्की के बीच सफर कर रहे हैं।
त्योहार के बाद घर आए प्रवासियों की वापसी के कारण अगले सप्ताह तक सीटें फुल रहने का अनुमान है। प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग के बावजूद यात्री संख्या में कमी नहीं है। मंगलवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर तत्काल कोटे का टिकट न मिलने पर राघीपुर निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि मुंबई जाने के लिए रात से लाइन में लगे थे, लेकिन कन्फर्म टिकट नहीं मिल सका। संभुई निवासी रंजीत ने कहा कि दिल्ली का तत्काल टिकट लेने आए थे, मगर नंबर आने तक वेटिंग 50 पार हो गई। रानीगंज निवासी कपिल वर्मा को भी तत्काल टिकट न मिलने पर मायूस लौटना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि यात्री एक दिन पहले से आरक्षण केंद्र पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन एसी श्रेणी में सात से 10 और स्लीपर में 15 से 20 फार्म दिए जा रहे हैं, लेकिन कन्फर्म टिकट कुछ ही लोगों को मिल पा रहे हैं। अनुमान है कि ट्रेनों में सीटों की कमी और भीड़ का यह हाल कम से कम एक सप्ताह तक बना रहेगा।
इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग
दिल्ली जाने वाली मालदाटाउन एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस में चार दिन तक वेटिंग है। उद्योगनगरी एक्सप्रेस में 30 अगस्त तक वेटिंग 182 से अधिक है। पंजाब मेल में तीन दिन नो रूम के बाद लंबी वेटिंग बनी रहेगी। भोपाल-प्रतापगढ़, अर्चना एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों की स्थिति भी यही है।