अमेठी सिटी। मां बेल्हा देवी जंक्शन प्रतापगढ़ से जंघई के बीच रेल ट्रैक दोहरीकरण का कार्य पूरा करने के लिए जारी मेगा ब्लॉक स्वीकृत होने से 20 मार्च से गौरीगंज होकर गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित था। ऐसे में यात्रियों को परेशानी हो रही थी। बुधवार शाम काम पूरा होने पर अफसरों की जांच पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार से ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया। ट्रैक पर ट्रेनें संचालित हुईं तो यात्रियों को सुविधा मिली।
बृहस्पतिवार को अप व डाउन रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी, लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर, वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, जम्मूतवी-राजेंद्रनगर अर्चना एक्सप्रेस लखनऊ-रायबरेली-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक से गुजरीं। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर लुधियाना की यात्रा करने पहुंचे विशुनदासपुर गांव के रहने वाले राजेंद्र कुमार ने बताया कि पंजाब मेल से उनका आरक्षित टिकट था। चिंता थी कि पता नहीं आज ट्रेन जाएगी कि नहीं, लेकिन स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि ट्रेन आ रही है, लेकिन सात घंटे लेट है।
लंबी प्रतीक्षा करने के बाद राहत इस बात की रही कि ट्रेन गौरीगंज होकर चली। हरिद्वार परिवार सहित भ्रमण पर जा रहे बास्थान गांव निवासी शिवकुमार ने बताया कि घर से निकलने के पहले पता किया कि जनता एक्सप्रेस गौरीगंज होकर जाएगी कि नहीं। पता चला कि ट्रेन जाएगी तो स्टेशन आए, लेकिन ट्रेन दो घंटे देरी से गौरीगंज आई। यही हाल तकरीबन अन्य यात्रियों का रहा। इससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
बहाल हुआ ट्रेनों का संचालन
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि मेगा ब्लॉक के कारण 20 से 26 मार्च तक रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को निरस्त किया गया था तो 13 ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित हो रही थीं। बृहस्पतिवार से सभी ट्रेनों का परिचालन नियमित हो गया है। अपरिहार्य कारण से कुछ ट्रेनें विलंब से आईं। ट्रेनों का संचालन बहाल होने की जानकारी यात्रियों को दी जा रही है।