अमेठी। तहसील परिसर में प्यास बुझाने के इंतजाम बद से बदतर हो गए हैं। आरओ वाटर कूलर खराब पड़ा हैं, हैंडपंप भी खारा पानी दे रहा है। न केवल अधिवक्ता व अफसर बल्कि वादकारी भी साफ पानी खरीद कर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। पानी का इंतजाम नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
अब दिनोंदिन गर्मी तेज होती जा रही है। बूंद-बूंद पानी लोगों की जरूरत बन रही है। तापमान भी 34 डिग्री को पार कर गया है। जिला प्रशासन सभी को पेयजल उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है, लेकिन अमेठी तहसील परिसर में पानी की किल्लत दूर करने की दिशा में अब तक कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। बुधवार को तहसील परिसर में पड़ताल की गई तो लोग पेयजल की किल्लत से जूझते नजर आए।
परिसर में लगा वाटर कूलर बंद मिला। अधिवक्ता पानी खरीद कर अपनी प्यास बुझाते नजर आए। तहसील परिसर में अपने काम से आने वाले लोग व वादकारी भी पेयजल की समूचित व्यवस्था न होने से मजबूरी में पानी की बोतल खरीदकर प्यास बुझाते नजर आए।
तीन आरओ खराब
परिसर में एक बड़ा आरओ प्लांट लगा है, लेकिन देखरेख के अभाव में बंद है। सीओ ऑफिस के सामने भी लगा वाटर कूलर खराब है। लेखपाल कक्ष के पास पानी की टोटी से गर्म पानी आ रहा था। ऐसे में कुछ लोग मजबूरी में यही पानी पी रहे थे। एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित नल बदबूदार पानी दे रहा था और सभागार के सामने का एक नल खराब पड़ा था। अधिवक्ता सभागार के पास स्थित एकमात्र हैंडपंप भी लोगों की प्यास बुझाने में नाकाम साबित हो रहा है।
सही करवाने के लिए दिए गए निर्देश
एसडीएम आशीष सिंह ने कहा कि तहसील में पेयजल के लिए टंकी लगी है। उसका उपयोग प्रतिदिन लोग करते हैं। हैंडपंप और आरओ वाटर कूलर के साथ हैंडपंप सही करवाने के लिए नगर पंचायत को निर्देशित किया गया है। पानी की समस्या से किसी को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
पेयजल की नहीं समुचित व्यवस्था
अधिवक्ता सदाशिव पांडेय ने बताया तहसील में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। लोग पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। अधिवक्ता राजेश मिश्र ने बताया कि खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। अधिवक्ता अजीत सिंह ने कहा कि सालों से अधिवक्ता शुद्ध पेयजल की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। जो एक हैंडपंप सही है वह भी दूषित पानी दे रहा है, वाटर कूलर भी खराब है। अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि तहसील के भीतर लगा वाटर कूलर जंग खा रहा है। वादकारी अभिषेक, अमन दूबे ने कहा कि बाहर से खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। तहसील में पानी की व्यवस्था नहीं है।