अमेठी। शहर में आए दिनों लगने वाले भीषण जाम की समस्या स्थानीय दुकानदारों, शहरवासियों तथा राहगीरों के लिए नासूर होती जा रही है। ककवा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज नहीं बनने के साथ ही शहर में करीब माह भर से हो रहा नाली निर्माण इसकी प्रमुख वजह है। दिन भर लगने वाले जाम से राहगीर, खरीददारी करने आए ग्रामीण तथा स्कूली बच्चे घंटों कराहते रहते हैं।
दशकों से वीवीआईपी क्षेत्र के नाम से विख्यात अमेठी मूलभूत सुविधाओं का दंश झेल रही है। यहां विकास का पहिया सियासी दांवपेंच में फंसकर उलझ जाता है। आज के दौर में सुगम यातायात और सड़क का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। बावजूद इसके अमेठी शहर में यातायात व्यवस्था को जाम की समस्या ने पूरी तरह चौपट कर दिया है।
ककवा रोड पर ओवरब्रिज, बाईपास और रिंग रोड़ का निर्माण लंबे समय से बहुप्रतीक्षित होना क्षेत्रीय जनता के लिए अभिशाप बन गया है। शहर के ककवा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज नहीं होने से जाम की समस्या ज्यादा गंभीर होती जा रही है।
रेल खंड पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने से क्रॉसिंग करीब बंद ही रहती है। ऐसे में जब क्रॉसिंग के दोनों तरफ जाम लगता है तो अमेठी शहर ठहर सा जाता है। करीब एक माह से शहर में हो रहे नाली निर्माण ने चौक से सगरा तिराहा तथा गौरीगंज मार्ग को भी प्रभावित कर दिया है।
इन मार्गों पर भी हर समय जाम की समस्या बनी रहती है। बृहस्पतिवार को शहर में इस कदर जाम लगा कि साइकिल, बाइक सवार व पैदल राहगीर तो गलियों से किसी तरह निकलते दिखाई दिए लेकिन चार पहिया वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।