फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: चौड़ा होगा टिकरा-बैजनाथ-लालगंज मार्ग

Tue, 25 Nov 2025 12:06 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। टिकरा-बैजनाथ-लालगंज मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए 17.73 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इसके बाद विभाग ने निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद पांच वर्ष तक अनुरक्षण देखने का दायित्व भी विभाग को ही सौंपा गया है।
विज्ञापन



यह मार्ग लगभग 13.800 किलोमीटर लंबा है। लखनऊ-वाराणसी हाईवे से अलग होकर यह टिकरा बैजनाथ, कस्थथुनी पूरब, करपिया, औरंगाबाद, पूरे जोरई, जाखा शिवपुर, पूरे काजिम अली, लालगंज चौराहा, पूरे परवानी, दादरा, रंजीतपुर और दुवरिया जैसे गांवों को जोड़ता है। मार्ग सकरा होने के कारण वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही थीं। बड़े वाहनों के फंसने पर कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे राहगीरों को समय से गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ रही है।


स्थानीय लोगों ने मार्ग चौड़ीकरण को जरूरी कदम बताया। टिकरा बैजनाथ निवासी मनोज पांडेय ने कहा कि सड़क सकरी होने से कई बार उन्हें विद्यालय और बाजार आने-जाने में अधिक समय लग जाता है। चौड़ीकरण के बाद स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है। करपिया निवासी रामबाबू मिश्र ने बताया कि किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में कठिनाई होती है। सड़क चौड़ी होने पर यात्रा सुगम होगी। लालगंज चौराहा निवासी ममता सिंह ने कहा कि बारिश के दिनों में मार्ग पर कीचड़ और गड्ढों के कारण बच्चों का विद्यालय जाना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में सड़क के चौड़ी होने से राहत मिलेगी।
विज्ञापन



जाखा शिवपुर के बुजुर्ग निवासी रामनरेश ने कहा कि एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं को भी जल्द पहुंचने में मदद मिलेगी। यह मार्ग अमेठी सिटी को कई ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से तहसील, जिला मुख्यालय व राजधानी लखनऊ तक आते-जाते हैं। अनुमान है कि करीब एक लाख लोगों को यातायात में आसानी मिलेगी। सड़क चौड़ीकरण होने से आवागमन समय कम होगा और गांवों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा।



लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि धनराशि मिलने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता पर ध्यान रखते हुए सड़क कार्य तय समय पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें