अमेठी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक हैंडबाल प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ। उपक्रीड़ाधिकारी मो. मोसर्रफ खां ने बताया कि खेल निदेशालय के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की टीमों ने प्रतिभाग किया। लखनऊ मंडल की टीम विजेता रही।
पहले सेमीफाइनल में अमेठी छात्रावास ने विंध्याचल मंडल टीम को 25-21 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल ने वाराणसी मंडल को 22-15 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में लखनऊ मंडल की टीम ने शानदार रणनीति और बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए 14-10 से अमेठी छात्रावास को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। समापन के बाद अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों, मैनेजरों व अधिकारियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उपक्रीड़ाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना दिखाई है और यही अनुशासन उन्हें आगे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाएगा। समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि उपक्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला विंग पारुल वर्मा, ज्योति शुक्ला, राजेश सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, डॉ. संजय कुमार गुप्ता, मो. तौहीद खां, मो. सिराज, राम आसरे यादव, शिवकुमार मौर्य, लवली तिवारी, आरती सिंह आदि मौजूद रहे।
जीत हासिल करने पर खुशी जाहिर करते खिलाड़ी। स्रोत : कोच