अमेठी सिटी। रेलवे स्टेशन गौरीगंज से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के विलंब से संचालित होने से यात्रियों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ सहित तीन ट्रेनें निरस्त रहीं तो दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस दो घंटे देरी से गौरीगंज आई। इसके अतिरिक्त योगनरी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का विलंब से परिचालन हुआ।
दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस और अप व डाउन लखनऊ-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस का संचालन शुक्रवार को निरस्त रहा। काशी विश्वनाथ व दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस के निरस्त होने से इस ट्रेन से दिल्ली से वाराणसी के लिए पहले से आरक्षित टिकट बुक करवा चुके यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद अपना टिकट निरस्त करवाना पड़ा।
इसके अलावा दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस दो घंटे देरी सुबह 2:10 बजे गौरीगंज आई। इसके अतिरिक्त कोलकाता-आगरा कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटे, वाराणसी-दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से गौरीगंज पहुंच कर रवाना हुई। अन्य ट्रेनें भी 40 मिनट से लेकर एक घंटे देरी से संचालित हुईं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि हरदोई-बालामऊ स्टेशन के उच्चीकरण कार्य को पूरा करने के लिए काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के निरस्त होने की सूचना पहले से सार्वजनिक है। इसके अतिरिक्त लंबी दूरी की ट्रेनें कुछ विलंब से संचालित हुई हैं।