अमेठी सिटी। पीपरपुर पुलिस ने शुक्रवार रात लंभुआ मार्ग पर घेराबंदी कर लूटपाट करने जा रहे तीन अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद हुए। एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
इंस्पेक्टर रामराज कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि तीन-चार बदमाश लंभुआ मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने के लिए खड़े हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर फतेहपुर जिले के उमरा गिरिया गांव निवासी सोनू उर्फ रितेश (25), सुनील (22) और प्रतापगढ़ के गोडे चंवर गांव निवासी साहिल (20) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सोनू के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास मिलीं मोटरसाइकिलें फतेहपुर जिले के थरियांव और खागा से चोरी की गई थीं। वे चोरी की गाड़ियों की नंबर प्लेट बदलकर अलग-अलग जिलों में लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार तीनों बदमाश शातिर हैं। इनके खिलाफ प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और कौशांबी जिलों के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने साथी सत्यम निवासी गोडे चंवर प्रतापगढ़ का नाम बताया, जो उस समय वहां मौजूद था। बताया कि तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। सत्यम की तलाश की जा रही है।