बाजार शुकुल (अमेठी)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे धमकी भरे ऑडियो के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्राॅस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। बाजारशुकुल थाने के शिवली गांव निवासी आशीष कुमार शुक्ल और ग्राम पंचायत अधिकारी सूरज पटेल, प्रधान प्रतिनिधि रवींद्र सिंह के बातचीत के दौरान धमकी भरे शब्दों से जुड़ा ऑडियो वायरल हो रहा है।
ऑडियो वायरल होने के बाद आशीष कुमार ने ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधान प्रतिनिधि पर केस दर्ज करवाया। इसके बाद पंचायत अधिकारी संघ व प्रधान संघ भी मैदान में आ गया। प्रधान संघ अध्यक्ष सतीश मिश्रा के साथ ग्राम पंचायत अधिकारी संघ अध्यक्ष रवि यादव सहित अन्य कर्मचारी थाने पर पहुंचे।
शिवली गांव स्थित गोआश्रय केंद्र के केयरटेकर सईद अहमद व मनिकापुर गांव निवासी केशव राम रैदास की तहरीर पर आशीष कुमार के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करवाया। दोनों पक्षों से मिली अलग-अलग तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
एसओ तनुज कुमार पाल ने बताया कि तीनों लोगों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।