अमेठी सिटी। संग्रामपुर थाने के केशवपुर मजरे मुहीबसाह गांव में युवक के संदिग्ध हालात में घायल होने पर उसके परिजनों व करीबियों ने पहले गांव में एक व्यक्ति पर मारपीट का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद थाने पहुंच घेराव करने की कोशिश की। पुलिस ने पहले समझाया, लेकिन नहीं माने तो 13 नामजद व 30 अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात है।
संग्रामपुर क्षेत्र के केशवपुर मजरे मुहीबसाह गांव में बुधवार रात संदिग्ध हालात में सोमई वर्मा के पुत्र गगन चोटिल हो गए। गगन के घायल होने पर परिजन कुछ ग्रामीणों संग गांव निवासी सहदेव पर हमला करने का आरोप लगाते हुए घर का घेराव कर हंगामा करने लगे।
सूचना पर गांव पहुंचे पुलिस कर्मियों से भी अभद्रता की तो थाने से फोर्स पहुंची। पुलिस ने मामला शांत कराया और घायल का मेडिकल कराया। सूत्र बताते हैं कि मेडिकल जांच में हादसे से चोटिल होने व शराब पीए होने की पुष्टि हुई। इसी बीच सहदेव व उनके परिजनों पर केस दर्ज करवाने के लिए ग्रामीण थाने का घेराव करने की कोशिश करने लगे।
पुलिस के समझाने पर नहीं माने तो पुलिस ने सहदेव की तहरीर पर 13 नामजद व 30 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया। एसडीएम ने तीन लोगों की जमानत खारिज करते हुए जेल भेज दिया। सात लोगों को जमानत पर रिहा कर दिया।
गांव में पीएसी संग फोर्स तैनात की गई है। एसएचओ ईशनारायण मिश्र ने बताया कि गगन शराब के नशे में बाइक से गिर कर घायल हुआ था। उसके परिजन व उसके सहयोगी हंगामा कर रहे थे। मामले में सहदेव की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों की जमानत एसडीएम ने खारिज करते हुए सुल्तानपुर जेल भेज दिया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियातन फोर्स तैनात है।