सिंहपुर। इन्हौंना के पूरे जयलाल दुबे मजरे चिलौली गांव में सोमवार रात चोरों ने रीना के घर में घुसकर 25 हजार रुपये और करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। आहट सुनकर पीड़िता जागी तो चोर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर भाग गए।
रीना ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे वह सास के साथ घर में सो रही थीं। पति रोजगार के सिलसिले में अहमदाबाद में रहते हैं। बताया कि देर रात चोर घर में घुसे और कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद अलमारी और संदूक में रखे उनके, सास व ननद के गहने निकाल लिए। कमरे में सामान गिरने की आवाज सुनकर पीड़िता को अनहोनी की आशंका हुई।
जब दरवाजा बाहर से बंद मिला तो आसपास के लोगों को फोन करके मदद मांगी। पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर भाग निकले थे। पीड़िता ने चोरी गए जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। सीओ दिनेश मिश्र और थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने गांव पहुंचकर जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
कई वारदातों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
संग्रामपुर। अंतीपुर महसो गांव में 27 दिसंबर की रात सेवानिवृत्त लेखपाल शंभूनाथ शुक्ला के घर हुई चोरी और उनके पड़ोसी मुन्ना मिश्र के घर में चोरी के प्रयास का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि चोरों ने फिर इन्हौंना में दस्तक दे दी। इससे पहले चार माह पूर्व फूला का पुरवा उत्तरगांव में भी चोरों ने रामसनेही विश्वकर्मा और उनके पड़ोसी के घर से नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी किए थे। इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि वारदातों को गंभीरता से लिया गया है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।