अमेठी। मौसम परिवर्तन के दौरान कोरोना फैलाव के अंदेशे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग विशेष निगरानी में जुटा है। इसके लिए विभाग ने कामर्शियल गतिविधि से जुड़े लोगों की सैंपलिंग कराने का निर्णय लेते हुए 12 नवंबर तक का रोस्टर जारी किया है। सीएमओ ने अस्पताल अधीक्षकों को पत्र जारी कर निर्धारित रोस्टर के अनुसार कैंप आयोजित करने व कोविड जांच के साथ उन्हें जागरूक करने का निर्देश दिया है।
आगामी त्यौहार पर उमडने वाली भीड़ के बीच संक्रमण फैलने का अंदेशा व मौसम परिवर्तन के दौरान जुखाम, बुखार व खांसी के मरीजों की बढने वाली संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्कता बरतने में जुटा है। मुख्य सचिव की वीडियो कान्फ्रेंसिंग में निर्देश मिलने के बाद सीएमओ ने 12 नवंबर तक वृहद स्तर पर कोविड जांच की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए कैंप आयोजन का रोस्टर जारी किया है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने सभी अस्पताल अधीक्षकों को पत्र जारी कर रोस्टर में निर्धारित तिथि व नियत स्थान पर जांच कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की कोविड-19 जांच कर मौसम परिवर्तन के दौरान बरतने वाली सावधानी के साथ कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया है।
सीएमओ ने प्रतिदिन होनी वाली जांच के अतिरिक्त 850 आरटीपीसीआर, 1,650 एंटीजन के साथ कम से कम 700 रैंडम के आधार पर सैंपल एकत्र कर प्रतिदिन की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने कैंप आयोजन व कोविड जांच में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीएमओ ने बताया कि कामर्शियल गतिविधियों से जुड़े जैसे रिक्शा, टैंपो, मेंहदी आर्टिस्ट, ब्यूटी पार्लर, मिठाई की दुकान, रेस्टोरेंट, इलेक्ट्रॉनिक दुकान व वाहनों के शो-रूम, खानपान वस्तुओं की सप्लाई करने वाले कर्मचारियों की अनिवार्य रूप से सैंपलिंग कराई जाएगी। कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों पर ज्यादा संख्या में लोग काम करते हैं और आम लोगों के संपर्क में आते हैं।