अमेठी सिटी। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक झगड़ों और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। अमेठी में एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की स्थलीय जांच कर समयबद्ध स्तर पर निस्तारित कराने के लिए निर्देशित किया।
गौरीगंज कोतवाली में पहुंचे गोपालीपुर निवासी विनय सिंह ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने सरकारी नाली तोड़कर उस पर खेती शुरू कर दी है, जिससे सिंचाई प्रभावित हो गई है। विरोध करने पर चुप रहने के लिए धमकाया जा रहा है। राजगढ़ वार्ड निवासी जगनारायण शुक्ल ने कहा कि कुछ लोगों ने पानी निकासी के लिए बनी कच्ची नाली तोड़कर प्लाटिंग शुरू कर दी है, जिससे वार्ड में जलभराव हो रहा है। तुलसीपुर निवासी दर्शन ने बताया कि उनके चाचा ने मकान वसीयत में दिया था, लेकिन कुछ लोगों ने जबरन उस पर कब्जा कर दीवार तक गिरा दी है।
इसी तरह अत्तानगर निवासी कर्मा ने कहा कि उनकी भूमि पर लगी धान की फसल काटने से दबंग रोक रहे हैं। इन मामलों में जांच टीम गठित कर तीन दिन में स्थलीय सत्यापन रिपोर्ट तलब करते हुए परेशानी दूर कराने का निर्देश दिया गया।
इनसेट
रास्ते पर कब्जा हटाने की मांग
कमरौली के चांदगढ़ निवासी सुदामा ने गांव के रामजस, अशोक कुमार और गया प्रसाद पर रास्ते पर कब्जा करने का आरोप लगाया। एसडीएम अभिनव कन्नौजिया ने राजस्व टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया।
खेत पर कर रहे कब्जा
फोटो 06
अमेठी की दलशाह गांव निवासी राजकुमारी ने बताया कि गांव के कुछ लोग उनके खेत पर कब्जा कर खेती कर रहे हैं। दो वर्ष से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। मामला राजस्व टीम को सौंपा गया है।
सार्वजनिक रास्ते से नहीं हटा कब्जा
फोटो 07
संग्रामपुर के सरैया कनू निवासी रामफेर ने कहा कि गांव के रामअवतार और सत्यनारायण मौर्य ने सार्वजनिक रास्ते और नाली पर कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नहीं हटा कब्जा, कार्रवाई का आश्वासन
फुरसतगंज के पूरे शीतल मजरे खालिसपुर निवासी मैकूलाल ने कहा कि विपक्षी उनकी जमीन पर कब्जा किए हैं। कई बार शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी श्रीराम पांडेय ने बताया कि मामला राजस्व विभाग से जुड़ा है। लेखपाल से जांच रिपोर्ट मांगी गई है।