अमेठी सिटी। आर्थिक तंगी व छप्पर के नीचे गुजारा कर रहे बैसड़ा गांव के वनबासी बस्ती के 18 परिवारों का जीवन सुखमय बनाने के लिए डीएम और सीडीओ ने अनूठी पहल की है। 18 मार्च 2025 को हुई आगजनी की घटना में इन परिवारों के मकान जल गए थे। प्रशासन की ओर से सभी परिवारों को एक ही स्थान पर आवासीय पट्टा देकर एक मॉडल कॉलोनी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पर करीब 50 लाख से अधिक का खर्च होने का अनुमान है।
इन परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति कराई गई थी। जिसके बाद बस्ती के बगल खाली पड़ी भूमि पर सभी परिवारों को आवासीय पट्टा देने के लिए भूमि चिह्नित की गई। प्रशासन की ओर से पहली किस्त राशि मिलने के बाद नौ-नौ आवासों का निर्माण कार्य शुरू हुआ। दोनों कॉलोनियों के बीच में ओपन जिम सेंटर, पार्क, महिलाओं को समूह से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सीएलएफ भवन, नाली, बगल में सार्वजनिक शौचालय, तीन तरफ से कॉलोनी में जाने के लिए रास्ता बनेगा।
इसके साथ ही अलावा कॉलोनी के बगल स्थित तालाब का सुंदरीकरण भी होगा। यहां पर चारों ओर चार सोलर लाइट, इंटरलॉकिंग, बैठने के लिए बेंच संग हरियाली में लिए पौध रोपित किए जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि दो माह में कॉलोनी का निर्माण पूरा हो जाएगा। आगजनी पीड़ित राहुल वनवासी ने बताया किघटना में सबकुछ जल गया था। आवास निर्माण हो रहा है। पहली किस्त का कार्य पूरा हो गया है, दूसरी किस्त का इंतजार है। (संवाद)