राजाफत्तेपुर। सिंहपुर विकासखंड के सिंहपुर रजबाहा से पंडूरा होते हुए हिंदू का पुरवा तक जाने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग अब जल्द डामरीकृत होगा। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही इस कार्य के लिए 161 लाख रुपये की स्वीकृति भी जारी कर दी गई है। विभाग अब कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।
इस मार्ग के निर्माण से खरावां, पूरे निहाल, पंडित का पुरवा और सूबेदार का पुरवा समेत आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। अब तक यह रास्ता कच्चा होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात में कीचड़ और गर्मी में उड़ने वाली धूल से राहगीरों और छात्रों की परेशानी होती है।
स्थानीय निवासी गौरीशंकर त्रिपाठी ने बताया कि पक्की सड़क बनने से पंचायत भवन खरावां, सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग और प्राथमिक विद्यालय तक पहुंच आसान हो जाएगी। खासकर हैदरगढ़ जाने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रामीण इंद्रदेव त्रिपाठी, शेष विजय सिंह, रोहित मिश्रा, अमर बहादुर राजपूत, फूलचंद्र और राधेलाल मिश्रा ने बताया कि सड़क बनने से लंबे समय से चली आ रही समस्या खत्म होगी। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड रमेश चंद्र ने बताया कि मार्ग का निर्माण तय मानकों के अनुसार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराकर लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।