अमेठी। अमेठी रेलवे स्टेशन परिसर अब विक्टोरिया लाइटों और हाईमास्ट से जगमगाएगा। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन को आकर्षक बनाने के लिए 40 विक्टोरिया लाइटें लगाने का काम चल रहा है। इसके अलावा परिसर में दो हाईमास्ट लगाए जाएंगे। अगले दो माह में स्टेशन की सूरत में कई बदलाव नजर आने लगेंगे।
स्टेशन परिसर में रोशनी की बेहतर व्यवस्था के साथ सुंदरीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्य भवन के सामने चौपहिया वाहनों की पार्किंग और यात्री सुविधा से जुडे काम कराए जा रहे हैं। मुख्य स्टेशन भवन की बाहरी दीवारों को भी नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास का काम शुरू हुआ था। योजना का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करना है। रेलवे के आईओडब्ल्यू शिवमूर्ति ने बताया कि अमेठी स्टेशन पर सुंदरीकरण और अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। अगले दो माह में स्टेशन परिसर में कई बदलाव नजर आने लगेंगे।