अमेठी सिटी। शिवरात्रि के एक दिन पहले बृहस्पतिवार को क्षेत्र में स्थित सभी शिवालय सजधज कर तैयार हो गए हैं। शुक्रवार को शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजेंगे। शिवरात्रि पर्व के पहले कई मंदिरों पर रामचरित मानस पाठ व ओम नम: शिवाय का जाप शुरू हुआ। मंदिरों में शुक्रवार को हवन-पूजन व जलाभिषेक के साथ भंडारा आयोजित होगा। भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती के विवाह उत्सव को लेकर मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। शुक्रवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध शिवालय सहित अन्य शिव मंदिर को साफ-सुथरा करने के साथ रंग-रोगन काम अंतिम दौर में रहा। मान्यता है कि शिवरात्रि पर्व पर भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शिवरात्रि पर्व पर शिव भक्त प्रसिद्ध शिवालय में पहुंच कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।
शुक्रवार को गौरीगंज के दूधनाथ, बाबा झारखंड, गौरीपुर के गौरीशंकर मंदिर, ताला स्थित मुकुट नाथ धाम, जागेश्वर धाम, कालिकन धाम, देवीपाटन धाम, दुखहरण धाम, महादेवन तथा टीकरकाफी स्थित नंदेश्वरधाम सहित विभिन्न शिव मंदिर में भक्त पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान कर पूजन अर्चन करेंगे।
शुक्रवार को मंदिर पर हवन-पूजन के साथ भक्त रुद्राभिषेक व जलाभिषेक करेंगे। परिसर में भंडारे का भी आयोजन होगा। गौरीगंज के सैंठा मार्ग स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार को ओम नम: शिवाय जाप के साथ शनिवार को पूर्णाहुति व भंडारा होगा।
अमेठी ब्लॉक के ताला गांव स्थित मुकुटनाथ धाम में अपने वनवास के दौरान पांडवों ने भगवान शिव को अपना मुकुट चढ़ाकर पूजन अर्चन किया था तभी से इस मंदिर का नाम मुकुट धाम पड़ा। यहां सुदूर क्षेत्र से श्रद्धालु भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए आते हैं।