अमेठी सिटी। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के आवास की सुरक्षा में एक अप्रैल से तैनात होमगार्ड राजकिशोर की बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। होमगार्ड विभाग पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की कोशिश में जुटा है।
मुंशीगंज क्षेत्र के पनियार गांव निवासी होमगार्ड राजकिशोर (56) की संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम के आवास के नीचे बने कमरे में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक टीम सहित मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की।
जांच में कोई तथ्य नहीं मिला तो सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिक गईं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होमगार्ड की मौत हार्ट अटैक से होने की पुष्टि हुई। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। परिजन भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्ट है। बीओ होमगार्ड जितेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि मामले में पीड़ित परिवार को विभाग से अनुमन्य सहायता दिलाने की कोशिश चल रही है। जल्द ही परिवार को सहायता राशि दिलाई जाएगी।