जगदीशपुर (अमेठी)। भारत हैवी इलेक्टि्रकल्स लिमिटेड के परिसर में मंगलवार सुबह स्टील प्लेट की लोडिंग के दौरान ट्रेलर चालक प्रह्लाद यादव (32) की मौत के मामले में मृतक के पिता ने इकाई प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम है। उन्होंने इकाई प्रबंधन और क्रेन ठेकेदार को दोषी ठहराते हुए थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित पिता का कहना है कि 29 जुलाई को उनका बेटा ट्रेलर लेकर बीएचईएल प्लांट में स्टील प्लेट लोड कराने गया था। लोडिंग के समय स्टील प्लेट ट्रक पर फिसलकर गिर गई, जिससे प्रह्लाद की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान न तो बीएचईएल प्रबंधन और न ही क्रेन ठेकेदार ने सुरक्षा मानकों का पालन किया। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटे की मौत की पूरी जिम्मेदारी इकाई प्रबंधन और क्रेन ठेकेदार की है।
थाना प्रभारी कमरौली मुकेश पटेल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले में बीएचईएल के महाप्रबंधक नवीन कौल ने मोबाइल पर कहा कि जांच पूरी होने से पहले कोई भी निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।