अमेठी सिटी। गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे नंदा बरनाटीकर गांव में सोमवार की रात चोरों ने बंद मकान से जेवर, नकदी सहित लाखों का माल पार कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग भतीजे की शादी में शामिल होने गए थे। जानकारी के बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे नंदा बरनाटीकर गांव निवासी संतोष सिंह सोमवार को पीपरपुर थाना क्षेत्र के नवेढि़या गांव में भतीजे की शादी में शामिल होने परिवार के साथ गए थे। रात में मकान बंद देख चोरों ने निशाना बना दिया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर कमरों से अलमारी, बक्सा खंगाल कर करीब डेढ़ लाख रुपये व जेवरात समेट कर पीछे के रास्ते से निकल गए।
मंगलवार को सुबह पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा देखकर संतोष सिंह को सूचना दी। सूचना के बाद आननफानन संतोष सिंह घर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। चोरी होने की जानकारी पर संतोष ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।