फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: घर-घर जली अखंड ज्योति, देवी धामों में उमड़ी आस्था

Mon, 12 Oct 2026 01:05 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
संग्रामपुर के कालिकन धाम में दर्शन-पून करते श्रद्धालु। -संवाद
विज्ञापन
अमेठी सिटी। शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ रविवार को शारदीय नवरात्र शुरू हो गए। घरों में अखंड ज्योति जलाकर मां दुर्गा की आराधना की गई, वहीं प्रमुख देवी धामों में सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने चुनरी, नारियल और प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया।
विज्ञापन


सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। श्रद्धालुओं ने पूजा स्थल की सफाई कर मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित की। आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कराया। भक्तों ने पुष्प, अक्षत, धूप-दीप और नैवेद्य अर्पित किए। दुर्गा सप्तशती और दुर्गा चालीसा का पाठ कर नौ दिनों तक व्रत रखने और नियमित पूजा करने का संकल्प लिया।

सिंहपुर स्थित मां अहोरवा भवानी धाम, संग्रामपुर के मां कालिकन धाम, गौरीगंज के दुर्गा देवी मंदिर, अमेठी के देवीपाटन और हिंगलाज मंदिर तथा शमशेरिया धाम में सुबह से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मां अहोरवा भवानी धाम में आसपास के क्षेत्रों से भी भक्त आए। लोगों ने मां को चुनरी, नारियल और प्रसाद अर्पित कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। देवी गीतों और जयकारों से मंदिरों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विज्ञापन


सीमा तिवारी ने बताया कि वह नवरात्र में घर में कलश स्थापना कर नौ दिनों तक व्रत रखती हैं। रमेश शुक्ला ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा सिंह ने बताया कि उन्होंने सुबह कलश स्थापना के बाद दुर्गा चालीसा का पाठ किया। वह पूरे नवरात्र नियमित पूजा-अर्चना करेंगी।


वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां शैलपुत्री की पूजा
आचार्य कपिल देव मिश्र ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना कर मां के समक्ष अखंड ज्योति जलाई। गणेश पूजन और कलश पूजन के बाद मां का आह्वान किया गया। घरों में दुर्गा सप्तशती, दुर्गा चालीसा और देवी मंत्रों का पाठ हुआ। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।



पुलिस अधीक्षक ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
नवरात्र के पहले दिन प्रमुख देवी धामों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिरों और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, सतर्कता और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने पर जोर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें