सरयू देवी सरस्वती इंटर कॉलेज में मेधावियों के साथ मौजूद शिक्षक। स्रोत: विद्यालय प्रबंधन
अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले जिले के मेधावी विद्यार्थी अब अपने सपनों को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बेहतर अंक हासिल करने के बाद सभी उच्च शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए हैं।
मेरिट सूची में तीसरे स्थान पर रहीं जनता इंटर कॉलेज मवई जामों की छात्रा अदिति सिंह आईपीएस बनने का सपना संजोए हैं। उनका कहना है कि कठिन परिश्रम और अनुशासन से वह अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगी। चौथे स्थान पर रहीं आदर्श पब्लिक इंटर कॉलेज बहादुरपुर की श्रद्धा गुप्ता आईएएस बनने की तैयारी करना चाहती हैं। पांचवें स्थान पर बाबूराम सिंह इंटर कॉलेज मऊ की शिवांशी शुक्ला भी भारतीय प्रशासनिक सेवा में कॅरिअर बनाने के लिए जुट गई हैं।
छठे स्थान पर रहीं श्रीकाली इंटर कॉलेज की काजल कानून की पढ़ाई कर न्यायिक सेवा में योगदान देना चाहती हैं। सातवें स्थान पर राजीव गांधी साइंस कॉलेज की अंशी सिंह मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहती हैं। सर्वोदय साइंस कॉलेज जामों की छात्रा प्रिंसी उच्च शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की योजना बना रही हैं, जबकि दिव्यांशी इंजीनियर बनने के लिए प्रयासरत हैं।