अमेठी। शासन के निर्देश पर शनिवार व रविवार को घोषित लॉकडाउन के दौरान जिले में कफ्ूर्य जैसा माहौल रहा। लॉकडाउन सफल हो सके इसके लिए अधिकारी व कर्मचारी निगरानी के साथ लोगों को जागरुक करने में जुटे रहे। इस दौरान जिला प्रशासन के निर्देश पर संक्रमित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया।
कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए शासन के निर्देश पर प्रत्येक शनिवार व रविवार को 55 घंटे का लॉकडाउन घोषित किया गया है। लॉकडाउन के दौरान शनिवार को जिला मुख्यालय पर कर्फ्यू जैसा माहौल दिखा। जिला मुख्यालय समेत सभी बाजारों में मेडिकल व दूध को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रहे।
लॉकडाउन अवधि में संक्रमित बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए निकाय क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मी भ्रमणशील रहकर बिना मास्क का प्रयोग कर निकले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटे रहे तो अधिकारी भ्रमणशील रहकर निगरानी करने के साथ संक्रमित बीमारी से बचाव के प्रति लोगों को जागरुक करने में जुटे रहे।
एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान लोगों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए ग्राम पंचायतवार गठित निगरानी समिति से निगरानी कराते हुए आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी कराई जा रही है। एडीएम ने लोगों से लॉकडाउन के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने बचाव के लिए मास्क का अनिवार्य रुप से प्रयोग करने तथा कोई परेशानी होने पर जिला प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।