अमेठी। चालकों और परिचालकों की कमी से जूझ रहे अमेठी डिपो को बड़ी राहत मिली है। डिपो को पांच पुरुष चालक और 18 महिला संविदा परिचालक मिल गए हैं। इनमें एक महिला परिचालक और पांच चालकों ने डिपो पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। शेष 17 महिला परिचालकों को पांच दिन की ट्रेनिंग के बाद कार्य पर लगाया जाएगा। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
डिपो के बेड़े में वर्तमान में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की 55 बसें और तीन अनुबंधित बसें शामिल हैं। यहां 15 नियमित व 65 संविदा चालक तथा 14 नियमित व 57 संविदा परिचालक कार्यरत हैं। हालांकि नियमित 15 चालकों में से छह स्वास्थ्य कारणों या अन्य कारणों से बस चलाने योग्य नहीं हैं। इसी तरह नियमित 14 परिचालकों में से तीन कार्यालय कार्यों में लगे होने के कारण परिचालक की भूमिका में केवल 68 लोग ही कार्यरत हैं।
डिपो पर वर्तमान में 54 चालकों और 61 परिचालकों की कमी है। इस कारण 30 से अधिक बसों का संचालन ठप है, जिससे प्रतिदिन डिपो को लगभग एक लाख रुपये की आमदनी का नुकसान हो रहा है। परिवहन निगम की ओर से आगामी माह में डिपो को 20 छोटी बसें और मिलने वाली हैं, जिससे चालक-परिचालक की जरूरत बढ़ जाएगी। इसी को देखते हुए निगम ने संविदा चालकों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। कुल 47 लोगों ने आवेदन किया, जिनमें से 14 ही निगम के मानकों पर खरे उतरे। इनमें से केवल नौ ही कानपुर में टेस्ट देने पहुंचे, जहां से पांच चालक ही चयनित हो सके।
एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि पांच पुरुष चालक और 18 महिला संविदा परिचालकों की नियुक्ति की गई है। एक महिला परिचालक और पांच चालकों ने कार्यभार संभाल लिया है। बाकी को प्रशिक्षण के बाद डिपो में तैनात किया जाएगा।