अमेठी सिटी। नई दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद रूट की ट्रेनों में सीटें खाली नहीं है। वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आ रहे लोगों को जनरल और वेटिंग टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है। जनरल टिकट लेकर यात्री स्लीपर या फिर पार्सल यान में बैठकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
सहालग के चलते अमेठी व गौरीगंज होकर दिल्ली के जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, जम्मू जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस, लुधियाना जाने वाली पंजाब मेल या फिर मुंबई को जाने वाली उद्योग नगरी एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों की दशा जनरल डिब्बे जैसी हो गई है। जनरल टिकट लेकर यात्री स्लीपर कोच या फिर पार्सल यान में बैठकर सफर कर रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि सहालग के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। जनवरी तक कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद नहीं है। लोग वेटिंग टिकट पर यात्रा कर रहे हैं।