सीएचसी बाजारशुुकुल में तीन लोगों की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
बाजारशुकुल। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 61.1 के पास गनेशी सेवरा गांव बुधवार बुधवार अचानक चीख-पुकार से गूंज उठा। आजमगढ़ से लखनऊ लौट रही कार कट मोड़ पर सामने आए ट्रक से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि कानपुर के विश्व बैंक बर्रा सेक्टर आई निवासी विनय दुबे (38), उनके साथी अर्पित विश्वकर्मा (28) और लखनऊ के कानपुर रोड एलडीए सेक्टर निवासी मैनेजर विमल पांडेय (30) की मौके पर ही मौत हो गई। शुकुल बाजार थाने से महज दो किमी दूर हुए इस हादसे के बाद एसओ अभिनेष कुमार आठ मिनट में ही मौके पर पहुंच गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी, जिससे पुलिस और यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम शवों को निकालने में असमर्थ रही। इसके बाद क्रेन मंगाई गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कार काटकर तीनों शव निकाले गए। इस दौरान आवागमन रोककर दोनों वाहनों को किनारे कराया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभिनव कनौजिया, सीओ अतुल सिंह समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। परिजनों को सांत्वना दी। अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों को नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। लेखपालों को घटना की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया। यूपीडा के सड़क सुरक्षा अधिकारी बदाम सिंह ने बताया कि ट्रक गाजीपुर से लखनऊ जा रहा था और उसपर जनरेटर लदा था। अभिलेख से पुष्टि हुई कि ट्रक हरियाणा के फरीदाबाद जिले के एक व्यक्ति के नाम पंजीकृत है। ड्राइविंग लाइसेंस के अनुसार वाहन भोजपुर गांव निवासी मौसम चला रहा था।