जगदीशपुर। कमरौली के लाल का पुरवा मजरे कठोरा गांव में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मुस्तफा उर्फ जैद (17) की मौत हो गई। बृहस्पतिवार रात हुई घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
मोहम्मद रफी ने बताया कि उनका बेटा मुस्तफा उर्फ जैद घर में रखे कूलर के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार करते हुए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया और अंतिम संस्कार कर दिया।
मुस्तफा की मौत से उसकी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बहन शबा की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटी बहनें भाई की मौत से गमगीन हैं। बड़े भाई फैजान समेत अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं। मोहम्मद रफी भी बेटे की मौत से बिलख रहे हैं। रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने बताया कि परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे। इसलिए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।