अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को बुखार से पीड़ित 10 मरीजों की डेंगू, 95 की मलेरिया और 144 मरीजों की टायफाइड सहित अन्य जांच की गई। एंटीजन जांच में जामों के एक गांव के किशोर की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
मरीज की एलाइजा जांच के लिए सैंपल भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को मिलेगी। चिकित्सकों ने जरूरी दवाएं देकर व सावधानी बताकर मरीज को घर भेज दिया। बृहस्पतिवार को डेंगू वार्ड में कोई भी मरीज भर्ती नहीं मिला।
एसीएमओ डॉ. रामप्रसाद ने बताया कि एंटीजन जांच में एक मरीज पॉजिटिव मिला है। पुष्टि के लिए एलाइजा जांच कराई जा रही है। गांवों में टीम को भेजकर सफाई कराने और उनके परिजनों के सैंपल लेने के लिए निर्देशित किया गया है। ग्रामीणों को जागरूक करने व निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है।