मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र के पूरे यादवराय में आयोजित पांच दिवसीय स्वामी दशरथ जी महाराज क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को तीन मैच खेले गए। इसमें मवई, भनौली और अढ़नपुर टीम ने जीत दर्ज की। तीनों मैच की विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
पहला मैच भनौली व पूरे दुवारिया टीम के बीच हुआ। भनौली की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी कर 110 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुवारिया की टीम 73 रनों में ढेर हो गई। दूसरा मैच मवई व शादीपुर टीम के बीच खेला गया। मवई की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया। पहले बैटिंग करते हुए टीम ने 77 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज अनुराग ने टीम के 45 रन का योगदान दिया। जिसके जवाब में उतरी शादीपुर की 75 रन पर ऑल आउट हो गई।
टूर्नामेंट का तीसरा मैच नंदमहर और अढ़नपुर के बीच खेला गया। नंदमहर की टीम ने टॉस जीत कर गेंदबाजी का फैसला लिया। अढ़नपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 111 रन बनाए। जिसके जवाब में उतरी नंदमहर की टीम 107 रन ही बना पाई। टूर्नामेंट में अंपायर की भूमिका रविशंकर सिंह व अमित ने स्कोरर की आनंद ने निभाई। कमेंट्री का कार्य नंदन सिंह व शिवम सिंह ने किया। इस मौके पर राजकुमार सिंह, संत शरण सिंह, अटल कश्यप आदि उपस्थित रहे।