अमेठी सिटी। टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। गौरीगंज स्थित एक निजी मैरिज लॉन में आयोजित संयुक्त बैठक में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने सोमवार को बाइक रैली व मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया।
बैठक में संयुक्त संघर्ष संचालन समिति और संयुक्त शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की। तय किया गया कि टीईटी अनिवार्यता के विरोध में पहले ज्ञापन सौंपा जाएगा और इसके बाद मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन के बल पर ही शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन और अधिकार मिले हैं।
उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि यह शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों का मुद्दा है, जिस पर कोई समझौता नहीं होगा। बैठक में पीएसपीएसए के जिला अध्यक्ष महेंद्र प्रताप मिश्र समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी टीईटी और पुरानी पेंशन के मुद्दे पर एकजुटता बनाए रखने की अपील की।