जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शनिवार की दोपहर बाद शाहजहांपुर से झारखंड केमिकल लेकर जा रहा टैंकर एक कार को बचाने के चक्कर में डिवाइडर से टकरा कर पलट गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। इससे चालक व खलासी झुलस गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इस दौरान करीब तीन घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। छोटे वाहनों के डायवर्जन से जगदीशपुर कस्बा व रायबरेली-अयोध्या हाईवे भी दो घंटे जाम रहा। हाईवे से टैंकर का मलबा हटाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
लखीमपुर खीरी जिले के खीरी थाना क्षेत्र के हलिया टोला निवासी चालक अनुज पांडेय (38) व हरदोई के पिहानी इलाके के मनकापुर निवासी खलासी संदीप (20) टैंकर में शनिवार को केमिकल भरकर शाहजहांपुर से झारखंड जा रहे थे। दोपहर बाद जब यह लोग जगदीशपुर इलाके में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर लुढि़यावा गांव के पास पहुंचे, तभी एक कार को बचाने के चक्कर में टैंकर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। इस दौरान घर्षण से टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसा होते ही लोगों ने पुलिस व दमकल टीम को सूचना दी।
पुलिस व दमकल टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद टैंकर में फंसे चालक व खलासी को निकाल कर सीएचसी भेजा। वहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इस बीच आग और भीषण हो गई। टैंकर आग का गोला बन गया। उसमें से लपटों के साथ धुआं निकलने लगा। लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने हाईवे पर आवागमन रोक दिया। आग लगने से उसमें हल्के विस्फोट के कारण सड़क व डिवाइडर की गिटि्टयां व मलबा छिटक कर दूर जाने लगा।
डिवाइडर के करीब एक किलोमीटर दायरे के पेड़ व घास जल गई। पड़ोस में जगदीशपुर के फैजान इलेक्ट्राॅनिक की दुकान की ओर लाग की लपटें बढ़ीं तो स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल चला कर आग पर काबू पाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। करीब तीन घंटे तक लखनऊ-वाराणसी हाईवे जाम रहा। छोटे वाहनों को जगदीशपुर कस्बे से गुजारा गया तो कस्बा सहित रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। एनएचआई की रोड सेफ्टी की टीम और कांस्ट्रक्शन कंपनी के श्रमिकों ने हाईड्रा की मदद से टैंकर व सड़क के मलबे को हटाया, जिसके बाद देर शाम को स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इनसेट
कई गांवों की गुल हो गई बिजली
टैंकर में आग लगने के कारण हाईटेंशन लाइन की भूमिगत बिजली लाइन जलकर नष्ट हो गई। इससे जगदीशपुर उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। समाचार लिखे जाने तक ऊर्जा निगम के कर्मी लाइन दुरुस्त करने में जुटे रहे। उपकेंद्र के जेई महेंद्र यादव ने बताया कि टैंकर में आग लगने के कारण 11 हजार लाइन की भूमिगत बिजली लाइन जल गई है, जिससे कुछ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है।
इनसेट
तहरीर मिलने पर की जाएगी कार्रवाई
एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि हाईवे पर टैंकर पलटने व आग लगने की सूचना पर फायर कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। झुलसे चालक व खलासी की हालत सामान्य है, लेकिन बेहतर उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया है। टैंकर मालिक का इंतजार है। यदि तहरीर मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
फोम कंपाउंड केमिकल से बुझाई आग
नायब तहसीलदार मुसाफिरखाना प्रशांत सिंह ने बताया कि टैंकर में मिक्स हाईड्रो कार्बन का मिक्चर भरा था, जो कोल माइंड के ब्लास्ट करने में उपयोग किया जाता है। जिसे शाहजहांपुर से झारखंड ले जाया जा रहा था। मौके पर सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह, थाना अध्यक्ष भाले सुल्तान शहीद स्मारक तनुज पाल, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुर धीरेंद्र कुमार यादव, अग्निशमन अधिकारी ओपी सिंह, गौरीगंज अग्निशमन अब्दुल सलाम पहुंचे। बताया कि आग को काबू करने के लिए फोम कंपाउंड केमिकल को पानी के साथ डालकर आग पर काबू किया गया। आग को बुझाने के लिए अमेठी, सुल्तानपुर, गौरीगंज, मुसाफिरखाना, इंडोरामा कमरौली की गाड़ियां बुलाई गई थीं, लेकिन जब तक गाड़ियां आईं, तब तक मुसाफिरखाना और कमरौली की दमकल टीम ने आग बुझा ली थी।