मुसाफिरखाना (अमेठी)। दीपावली की देर रात इसौली रोड पर इलेक्ट्रिक व काॅस्मेटिक की दुकान में शाॅर्ट सर्किट से आग लगने के कारण करीब 40 लाख का सामान जल गया। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। दुकान स्वामियों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुसाफिरखाना इलाके में इसौली मार्ग पर सिटी सेल्स कॉर्पोरेशन नाम से इरशाद की इलेक्ट्रिक की दुकान है। दुकान के पीछे गोदाम है। इसी भवन में मुस्कान शृंगार महल नाम से कास्मेटिक और गिफ्ट कार्नर की दुकान है, जिसे अरुण जायसवाल की बहन चलाती हैं। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे यह लोग दुकान बंद कर घर चले गए। इसी बीच इलेक्ट्रिक की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। धुआं उठते देख लोगों ने दुकान मालिकों को सूचना दी। जब तक दुकानदार पहुंचे, तब तक आग ने भयानक रूप ले लिया था।
इलेक्ट्रिक की दुकान का पूरा गोदाम आग की आगोश में आ चुका था। आग ने काॅस्मेटिक की दुकान को भी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर पुलिस व फायर ब्रिगेड पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक इलेक्ट्रिक की दुकान में करीब 38 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि काॅस्मेटिक की दुकान में 70 हजार से एक लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। एसएचओ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है।